देश में कोरोनावायरस के मरीजों की संख्या 5 हजार 373 हो गई। बुधवार को इंदौर में 22 नए पॉजिटिव मिले, इससे शहर में मरीजों की संख्या बढ़कर 173 हो गई। मंगलवार को देशभर में संक्रमण के 573 नए मामले सामने आए। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 150 केस बढ़े, यहां संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1018 हो गई। वहीं, तमिलनाडु में 69, दिल्ली में 51, तेलंगाना मे 40, राजस्थान में 42 और मध्यप्रदेश में 34 रिपोर्ट पॉजिटिव आई। ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट के मुताबिक हैं। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, मंगलवार तक देश में कोरोना संक्रमण के कुल 4 हजार 789 मामले सामने आए थे। इनमें से 4 हजार 312 मरीजों का इलाज चल रहा है। 352 ठीक हुए हैं, जबकि 124 की मौत हो चुकी है।
27 राज्य और 5 केंद्र शासित प्रदेशों में पहुंचा कोरोना
राज्य | कितने संक्रमित | कितनी मौत | कितने ठीक हुए |
महाराष्ट्र | 1018 | 64 | 70 |
तमिलनाडु | 690 | 7 | 19 |
दिल्ली | 576 | 9 | 16 |
केरल | 336 | 2 | 71 |
आंध्रप्रदेश | 314 | 4 | 5 |
तेलंगाना | 404 | 12 | 45 |
राजस्थान | 343 | 12 | 25 |
उत्तरप्रदेश | 332 | 3 | 25 |
कर्नाटक | 175 | 4 | 25 |
मध्यप्रदेश | 312 | 21 | 21 |
गुजरात | 175 | 14 | 25 |
जम्मू-कश्मीर | 125 | 3 | 4 |
प.बंगाल | 91 | 6 | 13 |
हरियाणा | 143 | 2 | 31 |
पंजाब | 99 | 8 | 14 |
बिहार | 38 | 1 | 15 |
चंडीगढ़ | 18 | 1 | 7 |
असम | 28 | 0 | 0 |
लद्दाख | 14 | 0 | 10 |
अंडमान-निकोबार | 10 | 0 | 0 |
उत्तराखंड | 31 | 0 | 4 |
छत्तीसगढ़ | 10 | 0 | 9 |
हिमाचल प्रदेश | 27 | 2 | 1 |
गोवा | 7 | 0 | 0 |
ओडिशा | 42 | 1 | 2 |
पुडुचेरी | 5 | 0 | 1 |
मणिपुर | 2 | 0 | 1 |
झारखंड | 4 | 0 | 0 |
मिजोरम | 1 | 0 | 0 |
अरुणाचल प्रदेश | 1 | 0 | 0 |
दादरा एवं नगर हवेली | 1 | 0 | 0 |
त्रिपुरा | 1 | 0 | 0 |
*ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट और राज्य सरकारों से मिले आंकड़ों के मुताबिक हैं। हालांकि, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि देश में कोरोना संक्रमण के कुल 4 हजार 789 मामले सामने आए हैं। इनमें से 4 हजार 312 मरीजों का इलाज चल रहा है। 352 ठीक हुए हैं, जबकि 124 की मौत हो चुकी है।
राज्यों से अपडेट...
मध्य प्रदेश, संक्रमित 312 : इंदौर में बुधवार को 22 और नए पॉजिटिव केस मिले। इंदौर में अब संक्रमितों की संख्या 173 हो गई है, 15 मरीजों की मौत हुई है। भोपाल में पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इसके बाद विभाग के कई अफसर आइसोलेशन में गए। राजधानी में पुलिस पर हमला करने के आरोप में 5 लोगों पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत केस दर्ज किया गया। सभी आरोपी गिरफ्तार।
उत्तर प्रदेश, संक्रमित 332: नोएडा में हरौला गांव के करीब 150 लोग कोरोना संक्रमित के संपर्क में आए, सभी को मंगलवार देर रात क्वारैंटाइन किया गया।
गुजरात, संक्रमित 175: कोरोना अब मासूमों की जान का दुश्मन बनता जा रहा है। जामनगर में कोरोना पीड़ित 14 महीने के बच्चे की मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे पहले अहमदाबाद में तब्लीगी जमात के सदस्यों को क्वारैंटाइन किया गया। प्रदेश में कोरोना से अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है। सूरत में पुलिस ने पोस्टर दिखाकर लोगों को महामारी के प्रति जागरूक किया।
हरियाणा, संक्रमित 143: फरीदाबाद में कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद प्रशासन ने शहर के 13 इलाके को छाबनी में तब्दील कर दिया गया है। यहां स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर स्क्रीनिंग और सैंपल ले रही हैं।
चंडीगढ़, संक्रमित 18: यहां कोरोना से बचाव को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने लोगों को भीड़वाले इलाके में जाने से पहले मुंह पर कपड़ा और मास्क लगाना जरूरी कर दिया है।
तेलंगाना, संक्रमित 404: मेहबूबनगर में मंगलवार रात 23 दिन के बच्चे समेत 3 लोग संक्रमित मिले। ये लोग तब्लीगी जमात के मरकज से लौटे लोगों के सम्पर्क में आए थे। इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की संख्या का आंकड़ा 10 हो गया है। प्रदेश में अब तक 12 कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी है।
प. बंगाल, संक्रमित 91: कोलकाता में शब-ए-बारात के मौके पर सभी श्मशान घाट बंद रहेंगे। राज्य में कोरोना से 6 लोगों की मौत हुई है।
चार दिन में संक्रमितों की संख्या दोगुनी हो रही
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, हर चार दिनों में कोरोनावायरस के मरीजों की संख्या बढ़कर दोगुनी हो रही है। उस हिसाब से लॉकडाउन खुलने तक करीब 17 हजार लोग संक्रमित हो सकते हैं। 15 से 20 मार्च तक केस दोगुने हुए, यानी 5 दिनों में बढ़ोतरी दोगुनी थी। 20 से 23 मार्च के बीच तीन दिनों में इनकी संख्या दोगुनी हुई। इसके बाद 23 से 29 मार्च के बीच 6 दिनों में मरीज दोगुने हुए। 29 मार्च से 2 अप्रैल तक 2 से 6 अप्रैल तक 4-4 दिनों में संक्रमितों की संख्या दर दोगुनी हो गई।
8 दिन बाद पहली बार सोमवार को संक्रमितों की संख्या घटी
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि संक्रमण दूसरी और तीसरी स्टेज के बीच पहुंच गया है। हालांकि, बीते 8 दिन में सोमवार को पहली बार ऐसा हुआ जब नए मामलों में कमी दर्ज की गई। दिनभर में 489 रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। 28 मार्च को संक्रमितों की संख्या में 141 की बढ़ोतरी हुई थी। अगले दिन इसमें कमी आई और 115 नए मामले सामने आए थे। इसके बाद 6 अप्रैल तक हर दिन संक्रमितों की संख्या बढ़ती गई।
लॉकडाउन खत्म होने पर कयास न लगाएं: केंद्र
मंत्रालय ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि लॉकडाउन को बढ़ाने पर अभी फैसला नहीं किया गया है। कृपया इसे लेकर कोई कयास न लगाएं। इससे पहले न्यूज एजेंसी एएनआई ने सरकार के सूत्रों हवाले से कहा कहा था कि केंद्र सरकार कई राज्यों और विशेषज्ञों की अपील के बाद इस पर विचार कर रही है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने भी सोमवार को लॉकडाउन 3 जून तक बढ़ाने का सुझाव दिया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कैबिनेट की बैठक में मंत्रियों को लॉकडाउन के बाद का एक्शन प्लान तैयार करने को कहा था।